राष्ट्रपति भवन में खुली एसबीआई की पहली शाखा, रामनाथ कोविंद ने किया उद्घाटन

Summary :

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने देश के सबसे सुरक्षित और अति विशेष स्थल राष्ट्रपति भवन में शनिवार को अपनी पहली शाखा को खोला।

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने देश के सबसे सुरक्षित और अति विशेष स्थल राष्ट्रपति भवन में शनिवार को अपनी पहली शाखा को खोला। देश के माननीय राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने भवन परिसर में खोली जा रही शाखा का उद्घाटन किया।
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान के अनुसार एसबीआई की शाखा में पहले ग्राहक स्वयं राष्ट्रपति कोविंद रहे। उनका खाता खोलने के बाद बैंक ने उन्हें पासबुक भी दी। इस मौके पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री डॉ. भागवत किशन राव और एसबीआई के चेयरमैन दिनेश खारा मौजूद थे। इस शाखा की कुछ महत्वपूर्ण खूबियों के तहत इसमें विभिन्न प्रक्रियाओं के लिए पूरी तरह डिजिटलीकरण की नीति अपनाई गई है। इस शाखा में एक छत के नीचे सभी वित्तीय सेवाएं उपलब्ध हैं।
इसके अलावा यह शाखा नवीनतम डिजिटल सुविधाओं मसलन वीडियो केवाईसी, ऑटोमेटेड नकद जमा एवं निकासी मशीन और पासबुक प्रिटिंग मशीन से लैस है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति भवन परिसर में स्थित इस शाखा का इस्तेमाल वे लोग भी कर सकेंगे जो राष्ट्रपति एस्टेट के निवासी नहीं हैं।

Desk Team