केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी)-स्नातक का चौथा चरण बुधवार से शुरू हो गया और इसमें करीब 3.6 लाख परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है।सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए सीयूईटी का आयोजन किया जा रहा है।
परीक्षा को छह चरणों में विभाजित किया गया
अधिकारियों ने बताया कि 11,000 अतिरिक्त परीक्षार्थियों को 17 से 20 अगस्त को चौथे चरण की परीक्षा में बैठना था, लेकिन उनके लिए परीक्षा को 30 अगस्त के लिये टाल दिया गया है ताकि परीक्षा केंद्र उनकी पसंद के शहर में समायोजित किए जा सकें।प्रारंभिक योजना के अनुसार, सीयूईटी-यूजी के सभी चरणों की परीक्षा 20 अगस्त तक समाप्त होनी थी। परीक्षा का आयोजन करने वाले निकाय राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने बाद में घोषणा की कि परीक्षा के सभी चरण 28 अगस्त तक पूरे हो जायेंगे, लेकिन अब कार्यक्रम को फिर आगे बढ़ाया गया है और अब परीक्षा को छह चरणों में विभाजित किया गया है।
कई केंद्रों पर परीक्षा को रद्द करना पड़ा था
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष जगदीश कुमार ने कहा कि 3.72 लाख परीक्षार्थियों में से 11 हजार परीक्षार्थियों की परीक्षा को 30 अगस्त तक के लिये स्थगित कर दिया गया है ताकि उनकी पसंद के शहरों में परीक्षा केंद्र समायोजित किए जा सकें।उन्होंने कहा कि एनटीए ने केंद्रों की क्षमता बढ़ायी है तथा कुछ और परीक्षा केंद्र जोड़े हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के भी प्रयास किये जा रहे हैं ।गौरतलब है कि सीयूईटी परीक्षा के दूसरे चरण में तकनीकी गड़बड़ी के कारण कई केंद्रों पर परीक्षा को रद्द करना पड़ा था।


Download Android App
Download iOS App



