सर्च इंजन गूगल (Google) ने मंगलवार को अपनी मासिक ट्रांसपेरेंसी रिपोर्ट (Monthly Transparency Report) पेश की। जुलाई महीने में गूगल को यूजर्स से 36,934 शिकायतें मिलीं और इन शिकायतों के आधार पर 95,680 सामग्रियों (कॉन्टेंट) को हटा दिया गया। यूजर्स की शिकायतों के अलावा गूगल ने स्वचालित पहचान (Automatic Detection) के आधार पर जुलाई में 5,76,892 सामग्रियों को हटाया।
गूगल ने 26 मई को लागू हुए भारत के आईटी नियमों के अनुपालन के तहत ये जानकारी दी। टेक्नोलॉजी कंपनी ने कहा कि उसे जुलाई में भारत में स्थित पर्सनल यूजर्स से 36,934 शिकायतें मिलीं, और इन शिकायतों के आधार पर सामग्रियों को हटाने की कार्रवाई की संख्या 95,680 थी, जो अब तक सबसे अधिक है।
गूगल को इससे पहले जून में 36,265 शिकायतें मिली थीं और इनके आधार पर 83,613 सामग्रियों को हटाया गया। अप्रैल में 59,350 सामग्रियों और मई में 71,132 सामग्रियों को हटाया गया था। कंपनी ने कहा कि इनमें से कुछ शिकायतें बौद्धिक संपदा अधिकारों के उल्लंघन से संबंधित थीं, जबकि दूसरी शिकायतों में मानहानि जैसे आधार पर सामग्रियों को हटाने के लिए कहा गया था।
गूगल ने कहा, ‘‘जब हमें अपने प्लेटफॉर्म पर सामग्री के बारे में शिकायतें मिलती हैं, तो हम उनका सावधानीपूर्वक आकलन करते हैं।’’ इस दौरान कॉपीराइट (94,862), ट्रेडमार्क (807), अदालती आदेश (4) सहित अन्य कानूनी श्रेणियों के तहत सामग्रियों को हटाया गया।


Download Android App
Download iOS App



