राज्यसभा में कोरोना वायरस के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को हो रही चर्चा के दौरान सभापति एम वेंकैया नायडू ने कोरोना वायरस जैसे गंभीर मुद्दे पर मीडिया के ख़ास तवज्जो न दिए जाने को लेकर अफ़सोस प्रकट किया। साथ ही मीडिया से ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अधिक ध्यान देने जैसे उम्मीद जताई और कहा की भविष्य में मीडिया को आम लोगों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपना ध्यान रखना जरूरी हैं।
सभापति ने उच्च सदन में कहा कि उनकी सलाह पर स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने गुरूवार को कोरोना वायरस के मुद्दे पर विस्तृत बयान दिया था। उसके बाद सदस्यों ने इस संबंध में अपने मूल्यवान सुझाव दिए। लेकिन मीडिया के एक हिस्से में इस चर्चा की अनदेखी की गयी। मीडिया ने अन्य मुद्दों पर अपनी रुचि दिखायी।
विपक्ष के हंगामे के कारण 11 मार्च तक के लिए स्थगित हुई राज्यसभा
नायडू ने कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दे की अनदेखी करना उचित नहीं है। उन्हें सदन में होने वाली चर्चा पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण विषय है और आम देशवासियों से संबंधित है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि वे भविष्य में ऐसे अहम विषयों पर गौर करेंगे।
संसद में पिछले कुछ दिनों से हो रहे हंगामे के संदर्भ में नायडू ने कहा कि इस सदन और दूसरे सदन में जो हुआ, वह चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार और विपक्ष से अपील की कि वे आपस में विचार-विमर्श कर कोई सार्थक समाधान निकालें ताकि सदन में सुचारू रूप से कामकाज चल सके। उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर विचार किया जाना है।


Download Android App
Download iOS App



