भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में 15 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि 15 अगस्त से पूर्वोत्तर, प्रायद्वीपीय और आसपास के पूर्वी मध्य भारत में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे वृद्धि होगी, जबकि अगले पांच दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में बहुत कम बारिश होने की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ व्यापक वर्षा गतिविधि का वर्तमान दौर 14 अगस्त तक जारी रहने और उसके बाद कमी आने की संभावना है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में 14 अगस्त तक छिटपुट बारिश जारी रहने की संभावना है और उसके बाद इसमें कमी आएगी। अगले 3-4 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट से लेकर व्यापक रूप बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि 15 अगस्त तक उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है।
दिल्ली में शुक्रवार को सुबह मौसम खुशनुमा रहा और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर 63 प्रतिशत दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान कार्यालय ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



