कोविड-19 के मामलों में बड़ा उछाल, पिछले 24 घंटे में 1 लाख 94 हजार से अधिक लोगों में संक्रमण की पुष्टि

Summary :

भारत में एक दिन में कोविड-19 के 1,94,720 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,60,70,510 हो गई।

 देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,94,720 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 3,60,70,510 हो गई है, जिनमें 4,868 मामले ओमीक्रोन स्वरूप के हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
ओमीक्रोन के कुल 4,868 मामलों में से 1,805 लोग अब तक स्वस्थ हो चुके हैं
सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 9,55,319 दर्ज की गई, जो पिछले 211 दिन में सर्वाधिक है। साथ ही, 442 और मरीजों की मौत होने से कोविड-19 के मृतकों की संख्या 4,84,655 पर पहुंच गई है।ओमीक्रोन के कुल 4,868 मामलों में से 1,805 लोग अब तक स्वस्थ हो चुके हैं या देश से बाहर चले गए हैं। महाराष्ट्र में सर्वाधिक 1,281 मामले सामने आए हैं। इसके बाद राजस्थान में 645, दिल्ली में 546, कर्नाटक में 479 और केरल में 350 मामले सामने आए हैं।
 राष्ट्रीय दर घटकर 96.01 प्रतिशत हो गई है
मंत्रालय ने बताया कि उपचाराधीन मरीजों का प्रतिशत संक्रमण के कुल मामलों का 2.65 प्रतिशत हैं जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर घटकर 96.01 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों में कोविड का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 1,33,873 का इजाफा हुआ है।

देश में सात अगस्त 2019 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2019 को 30 लाख और पांच सितंबर 2019 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2019 को 50 लाख, 28 सितंबर 2019 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2019 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2019 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2019 को ये मामले एक करोड़ के पार, पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2020 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी।

Desk Team