भारत ने ओडिशा के तट से परमाणु सक्षम मिसाइल अग्नि-प्राइम का सफल परीक्षण किया, जो अग्नि-1 मिसाइल का उन्नत संस्करण है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने परमाणु क्षमता से लैस अगली पीढ़ी की मिसाइल अग्नि पी का सफल परीक्षण किया है। ओडिशा के बालासोर में डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप में सोमवार को सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर यह परीक्षण किया गया।
मिसाइल के दागे जाने के बाद इस पर विभिन्न स्टेशनों और रडार से नजर रखी गई। मिसाइल ने परीक्षण के दौरान अपने सभी उद्देश्य पूरे किए और इसका निशाना सटीक रहा। अग्नि पी मिसाइल अग्नि श्रेणी की अगली पीढ़ी की उन्नत मिसाइल है जो 1000 से 2000 किलोमीटर की दूरी तक मार करने में सक्षम है।
अग्नि प्राइम मिसाइल को 4,000 किलोमीटर की रेंज वाली अग्नि-4 और 5,000 किलोमीटर की अग्नि-5 मिसाइलों में इस्तेमाल होने वाली अत्याधुनिक तकनीकी को मिलाकर तैयार किया गया है। यह मिसाइल अत्याधुनिक साजो सामान से सुसज्जित है।सूत्रों के अनुसार अग्नि प्राइम में अत्याधुनिक तकनीक के प्रयोग के कारण यह पिछले संस्करण की तुलना में कम वजन वाली स्लीक मिसाइल शक्ति है। इससे इसकी मारक क्षमता पहले तुलना में अधिक घातक होगी।
अग्नि प्राइम मिसाइल दो स्टेज और सॉलिड फ्यूल पर आधारित है। इसे एडवांस रिंग-लेजर गायरोस्कोप पर आधारित जड़त्वीय नेविगेशन सिस्टम द्वारा निर्देशित किया जाएगा। दोनों चरणों में समग्र रॉकेट मोटर्स हैं। इसका गाइडेंस सिस्टम इलेक्ट्रोमैकेनिकल एक्ट्यूएटर्स से लैस हैं।


Download Android App
Download iOS App



