भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता ने गुरुवार को पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू से पाकिस्तान की जेल में बंद मुंबई के एक इंजीनियर की रिहाई सुनिश्चित करवाने की अपील की है। उसे अगले महीने रिहा किया जाना है। अंधेरी के 27 वर्षीय युवा हामिद नेहाल अंसारी पर 12 नवंबर 2012 को अफगानिस्तान के रास्ते अवैध रूप से पाकिस्तान में प्रवेश करने का आरोप है। भाजपा के कार्यकर्ता, पूर्व कांग्रेस विधायक कृष्णा हेगड़े ने कहा, ‘हामिद अंसारी जो कि पाकिस्तान में जेल की सजा काट रहे हैं उनकी रिहाई जल्द करवाने के लिए प्रधानमंत्री इमरान खान से बातचीत करने का विनम्र आग्रह है।
हामिद की सजा दिसंबर के मध्य में पूरी होगी। उसकी रिहाई उसके बुजुर्ग माता-पिता को काफी राहत और खुशी प्रदान करेगी।’ अंसारी खबर पख्तूनख्वाह में करक से एक दोस्त द्वारा दिए गए फर्जी पहचान पत्र से पाकिस्तान में प्रवेश कर गए थे और कुछ दिनों तक उनके साथ रहे थे। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ने कुछ दिनों बाद कोहाट शहर के एक होटल से उसे पकड़ लिया।
दिसंबर 2015 में, एक सैन्य अदालत ने उसे देश-विरोधी गतिविधियों और जासूसी करने का दोषी पाया। अंसारी ने हालांकि आरोपों से इंकार किया और पेशावर उच्च न्यायालय में अपनी दोषसिद्धी को चुनौती दी, जहां पाकिस्तान सरकार ने कहा कि जैसे ही उसकी जेल की सजा पूरी हो जाएगी, उसे उसके देश भेज दिया जाएगा। हेगड़े ने आईएएनएस से कहा, ‘हमने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से भी इस बाबत अपील की है, जिन्होंने हमें सभी प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।’ पाकिस्तान ने हामिद को दूतावास संबंधी सहायता या उसके माता-पिता को वीजा देने से इंकार कर दिया है।


Download Android App
Download iOS App



