लॉकडाउन को लेकर कपिल सिब्बल ने अमित शाह पर कसा तंज, कहा – चुप हैं गृहमंत्री

Summary :

कपिल सिब्बल ने शाह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “उन्होंने कोई भी बटन नहीं दबाया है, फिर भी हमें घर में सरकार के फैसलों का करंट महसूस होता है!”

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने शनिवार को कहा कि देश में एक अभूतपूर्व लॉकडाउन चल रहा है, जिसके चलते प्रवासी संघर्ष कर रहे हैं और ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने शाह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि  “उन्होंने कोई भी बटन नहीं दबाया है, फिर भी हमें घर में सरकार के फैसलों का करंट महसूस होता है!”

उन्होंने ट्वीट कर कहा कि “हम घरों में बंद हैं, लाखों प्रवासी घर पहुंचने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जीवित रहने के लिए घर पर रहकर संघर्ष करना पड़ रहा है, और कई लोग ऐसे हैं, जो घर नहीं पहुंच सकते हैं। गृह मंत्री की ओर से इसको लेकर ना तो कोई बात सामने आई है और ना वह दिखाई दिए हैं।”

दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनाव के समय सीएए और एनआरसी के खिलाफ शाहीन बाग में महिलाओं का प्रदर्शन चल रहा था। उस समय चुनाव प्रचार के दौरान शाह ने कहा था कि लोगों को मतदान करते समय इतनी मेहनत से बटन दबाना चाहिए कि करंट शाहीन बाग में महसूस हो। हालांकि, चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दिल्ली की 70 सीटों वाली विधानसभा में से केवल आठ पर जीत मिली थी।

मोदी ने कोरोना से निपटने के लिए आयुष मंत्रालय के साथ की बातचीत

बता दें कि कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए सरकार से 21 दिनों का लॉकडाउन घोषित किया है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि भारत में अब तक कुल 873 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, जिसमें से 775 व्यक्ति अभी भी कोविड-19 से ग्रस्त हैं। देश में कोरोना वायरस महामारी के चलते 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि उपचार के बाद 78 व्यक्ति पूर्ण रूप से स्वस्थ हो गए हैं।

Desk Team