केंद्र की मोदी सरकार जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद को समाप्त करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे में केंद्र सरकार ने आतंकवाद पर एक और प्रहार किया है। सरकार ने आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सदस्य शेख सज्जाद उर्फ सज्जाद गुल को मंगलवार को आतंकवादी घोषित किया। वह श्रीनगर में 2018 में पत्रकार शुजात बुखारी की हत्या के लिए जिम्मेदार था। केंद्र सरकार पिछले एक पखवाड़े में गुल समेत छह लोगों को आतंकवादी घोषित कर चुकी है।
नौजवानों को सक्रियता से बरगला रहा है सज्जाद गुल
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि गुल जम्मू कश्मीर में हथियार और गोला-बारूद जब्त होने के एक मामले में फरार चल रहा है और वह लश्कर के समर्थन में जम्मू कश्मीर में नौजवानों को सक्रियता से बरगला रहा है और भर्ती कर रहा है। मंत्रालय ने कहा कि वह आतंकवाद के वित्तपोषण में भी शामिल रहा है।
गुल ने की थी प्रतिष्ठित पत्रकार बुखारी की हत्या
गृह मंत्रालय के अनुसार 14 जून, 2018 को श्रीनगर के व्यस्त प्रेस एन्क्लेव में प्रतिष्ठित पत्रकार बुखारी की उनके दो निजी सुरक्षा अधिकारियों के साथ हत्या करने के लिए लश्कर के कुछ अन्य सदस्यों के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रचने में गुल शामिल था। गुल की आतंकवादी गतिविधियों को देखते हुए मंत्रालय ने उसे विधिविरुद्ध क्रियाकलाप (रोकथाम) अधिनियम, 1967 के तहत आतंकवादी घोषित किया है।


Download Android App
Download iOS App



