संसद के निचले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नव वर्ष 2022 की पूर्व संध्या पर लोगों को बधाई देते हुए सभी से भारत के नवनिर्माण के लक्ष्य को लेकर नए साल में नई ऊर्जा के साथ काम करने का आह्वान किया है। नए वर्ष की पूर्व संध्या पर लोगों को बधाई देते हुए लोक सभा अध्यक्ष ने कहा, आप सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि यह नया वर्ष आपके जीवन को सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य से आनंदित करे।
बिरला ने आगे अपने बधाई संदेश में कहा, नववर्ष नवीन उल्लास और नई उमंग का प्रतीक है, साथ ही यह नई आशाओं और नए संकल्पों का भी अवसर है। यह दिन हमें प्रेरणा देता है कि हम स्वयं को देश की उन्नति तथा देशवासियों के कल्याण के लिए नई ऊर्जा के साथ समर्पित करें। हमारी चेतना और हमारे विवेक में भारत के नवनिर्माण का लक्ष्य हो। हमारा प्रत्येक कर्म समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने में योगदान करे।
2021 में भारत की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए बिरला ने कहा, आज हमारा देश नवनिर्माण के दौर से गुजर रहा है। सामाजिक-आर्थिक विषमताओं को दूर करते हुए हम आज बहुत तेजी से सफलता के नए शिखर की ओर अग्रसर हैं। आजादी के अमृत महोत्सव का जिक्र करते हुए उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हम सबको आने वाले 25 वर्षों में भारत को विश्व का अग्रणी देश बनाने के लिए कार्य करना चाहिए। राष्ट्र को इस लक्ष्य तक पहुंचाने में हम सबकी भागीदारी होनी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



