महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की और सहयोग के लिए धन्यवाद किया।
मुलाकात के दौरान ठाकरे के पुत्र और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे भी थे। पहली बार शिवसेना का कोई प्रमुख कांग्रेस अध्यक्ष के आवास पर पहुंचा।
सूत्रों के मुताबिक इस मुलाकात के दौरान ठाकरे ने सहयोग के लिए सोनिया का धन्यवाद किया और राज्य सरकार के अब तक कुछ कदमों और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
सोनिया और उद्धव की मुलाकात उस वक्त हुई है जब वीर सावरकर, एनआरसी एवं एनपीआर और भीमा-कोरेगांव जैसे मामलों को लेकर शिवसेना एवं कांग्रेस के नेता हाल के दिनों में अलग अलग ध्रुव पर नजर आए हैं।
वही, सोनिया से मुलाकात के बाद उद्धव ठाकरे बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से मिलने जाने वाले हैं। एयरपोर्ट से उद्धव ठाकरे शिवसेना नेता संजय राउत के आवास पर पहुंच चुके हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से रात 9 बजे मुलाकात करने वाले हैं।
गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर में शिवसेना, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व गठबंधन सरकार का गठन किया।
उद्धव के शपथ ग्रहण के लिए आदित्य ठाकरे ने सोनिया को उनके आवास पर जाकर निमंत्रित किया था। शिवसेना की तरफ से पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को भी न्यौता दिया गया था, लेकिन तीनों में से कोई भी शामिल नहीं हुआ। कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेता शपथ ग्रहण में शामिल हुए थे।


Download Android App
Download iOS App



