Manu Bhaker: पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतने वाली पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर ने बुधवार को कहा कि उनकी निगाहें अभी से 2028 में होने वाले लॉस एंजिलिस ओलंपिक पर लगी हुई हैं और वह भविष्य में लगातार अच्छे नतीजे देने के लिए कड़ी मेहनत करती रहेंगी।
Highlights:
- मनु भाकर भारत पहुँचने के बाद अपने भविष्य की योजनाओं को लेकर काफी कुछ किया साझा
- मनु भाकर ने अगले ओलंपिक की करेंगी तैयारी
- लॉस एंजिलिस में होना है 2018 का ओलंपिक
मनु भाकर (22 वर्ष) ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा और सरबजोत सिंह के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश के लिए ओलंपिक इतिहास रच दिया।
अब मेरे दिमाग में चल रहा अगला ओलंपिक
स्वदेश लौटी मनु ने ‘पीटीआई वीडियो’ से बात करते हुए कहा है कि, ‘‘एक ओलंपिक के खत्म होने के बाद अब मेरे दिमाग में अगला ओलंपिक चल रहा है और इसके लिए सफर शुरू हो चुका है। अब पेरिस के बाद लॉस एंजिलिस ओलंपिक की यात्रा शुरू हो चुकी है और थोड़े ब्रेक के बाद मैं इसकी तैयारी शुरू कर दूंगी। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि मेरा प्रदर्शन इस बार की तरह अच्छा रहेगा। मैं कड़ी मेहनत करके अच्छा प्रदर्शन करती रहूंगी। ’’
आजादी के बाद एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनी
मनु भाकर ने स्वतंत्रता के बाद एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनी। वह 25 मीटर पिस्टल में तीसरा कांस्य जीतने के करीब भी पहुंच गई थीं लेकिन इससे चूककर चौथे स्थान पर रहीं। उन्होंने कहा, ‘‘अगले तीन महीनों में बहुत से लोग मुझसे मिलना चाहेंगे और फिर मैं अपने परिवार के साथ समय बिताऊंगी। थोड़ा आराम करूंगी और अपनी फिटनेस पर काम करके फिर निशानेबाजी ट्रेनिंग शुरू करूंगी। ’’
परिवार ने मनु भाकर का किया जोरदार स्वागत
सैकड़ों प्रशंसकों और उनके परिवार ने मनु का जोरदार स्वागत किया। यह युवा खिलाड़ी शनिवार को पेरिस लौटेगी और रविवार को ओलंपिक समापन समारोह में भारत की ध्वजवाहक बनेगी।वहीं उनके कोच जसपाल राणा ने कहा कि वह अगले तीन महीने तक निशानेबाजी नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि मनु तीन महीने तक रेंज से दूर रहेंगी लेकिन अपनी मानसिक और शारीरिक ट्रेनिंग जारी रखेंगी। मनु भाकर के कोच राणा ने कहा, ‘‘तीन महीने तक वह ट्रेनिंग से दूर रहेंगी। लेकिन शारीरिक और मानसिक ट्रेनिंग जारी रखेंगी जैसे वह योगा करती रहेंगी। लेकिन निशानेबाजी की ट्रेनिंग नहीं करेंगी। ’


Download Android App
Download iOS App




