केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि कोविड-19 की 81.39 करोड़ से अधिक खुराक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक मुहैया कराई गई है। मंत्रालय ने कहा कि 4.23 करोड़ शेष और उपयोग में नहीं लाई गई खुराक अब भी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास टीकाकरण के लिए उपलब्ध हैं।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि केंद्र सरकार देश में टीकाकरण की गति और दायरा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें कहा गया है कि टीकों की अधिक उपलब्धता के कारण टीकाकरण अभियान में तेजी आई है। टीकाकरण अभियान के तहत भारत सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मुफ्त में कोविड-19 के टीके उपलब्ध करा कर सहयोग कर रही है।
कोविड-19 के टीके को सभी के लिए उपलब्ध कराने के लिए नया चरण 21 जून 2021 से शुरू किया गया था। टीकाकरण अभियान की रफ्तार को अधिक से अधिक टीके की उपलब्धता के जरिए बढ़ाया गया है। इसके तहत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को टीके की उपलब्धता के बारे में पूर्व सूचना प्रदान की जाती है, ताकि वे बेहतर योजना के साथ टीके लगाने का बंदोबस्त कर सकें और टीके की आपूर्ति श्रृंखला को दुरुस्त किया जा सके।


Download Android App
Download iOS App



