NCB ने वानखेड़े को आर्यन खान केस से हटाया, मलिक बोले- सिस्टम को जड़ से साफ करने की जरूरत

Summary :

मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले की जांच नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के अधिकारी समीर वानखेड़े की टीम से छीन ली गई है।

मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले की जांच नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के अधिकारी समीर वानखेड़े की टीम से छीन ली गई है। आर्यन खान की गिरफ्तारी के बाद एनसीपी नेता नवाब मलिक के निशाने पर रहे वानखेड़े पर वसूली सहित कई आरोप लगाए गए थे। 
एनसीबी के साउथ-वेस्टर्न रीजन के डेप्युटी डीजी मुथा अशोक जैन ने कहा है कि आर्यन सहित कुल 6 केसों की जांच अब दिल्ली की टीम करेगी। नवाब मलिक के दामाद से जुड़े केस की जांच भी एनसीबी के जोनल डायरेक्टर वानखेड़े से वापस ले ली गई है।

मलिक ने साधा वानखेड़े पर निशाना, बोले-  यह तो सिर्फ शुरुआत है
समीर वानखेड़े को केसों की जांच से हटाए जाने उत्साहित नवाब मलिक ने ट्विटर पर लिखा, ”समीर वानखेड़े से आर्यन खान केस सहित 5 केस वापस ले लिए गए हैं। ऐसे 26 केस हैं, जिनमें जाच की जरूरत है। यह तो सिर्फ शुरुआत है। इस सिस्टम को साफ करने के लिए अभी बहुत कुछ करने की जरूरत है और हम यह करेंगे।” शनिवार को एनसीबी की एक टीम इन केसों की जांच अपने हाथ में लेने के लिए मुंबई पहुंचेगी।
वानखेड़े बोले- मुझे जांच से हटाया नहीं गया है
शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान केस से हटाए जाने की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए समीर वानखेड़े ने कहा, ”मुझे जांच से हटाया नहीं गया है। कोर्ट में मैंने रिट पिटिशन दिया था कि मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए। इसलिए आर्यन केस और समीर खान (नवाब मलिक के दामाद) केस की जांच अब दिल्ली एनसीबी की एसआईटी करेगी। यह दिल्ली और मुंबई एनसीबी टीम के बीच समन्वय है।”

Desk Team