राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने के इरादे से साजिश और जासूसी गतिविधियों में कथित संलिप्तता के संबंध में दो लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया। एजेंसी के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। गुजरात के रहने वाले अल्ताफ हुसैन गंचीभाई उर्फ शकील और पाकिस्तानी नागरिक वसीम के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, आयकर (आईटी) अधिनियम और कड़े गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत हैदराबाद में एक अदालत के समक्ष आरोप पत्र दायर किया गया।
संवेदनशील जानकारी साझा करने के लिए
प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि यह मामला मूल रूप से आंध्र प्रदेश पुलिस में दर्ज किया गया था और पिछले साल 23 दिसंबर को एनआईए द्वारा फिर से दर्ज किया गया था। प्रवक्ता ने कहा कि एजेंट, भारतीय सशस्त्र बलों के कर्मियों से ‘‘रक्षा प्रतिष्ठानों से संबंधित महत्वपूर्ण और संवेदनशील जानकारी’’ प्राप्त करने के लिए, फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया मंचों का उपयोग करते थे।
उन्होंने बताया कि कुछ सिम कार्ड गुजरात के उन भारतीय मछुआरों के नाम पर लिये गये थे, जिन्हें पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने 2020 में उस समय गिरफ्तार किया था, जब वे समुद्र में मछली पकड़ रहे थे। एनआईए अधिकारी ने कहा कि जांच में पाया गया कि ये सिम कार्ड भारत वापस गंचीभाई को अवैध रूप से भेजे गए थे, जिसने पाकिस्तान में अपने आकाओं के निर्देश पर ऐसे सात सिम कार्ड सक्रिय किए थे। उसे इस मामले में पिछले साल 25 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारी ने कहा कि वसीम फिलहाल फरार है।


Download Android App
Download iOS App



