गोरखपुर, 5 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गोरखपुर आए नितिन नवीन ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर महायोगी गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। पूरे विश्व में प्रसिद्ध नाथ पंथ की इस पीठ पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भावपूर्ण स्वागत किया।
गोरखनाथ मंदिर आगमन पर नितिन नवीन शिवावतार गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा के समक्ष पहुंचे और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धावनत होकर दर्शन-पूजन किया। उनके साथ गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। दर्शन-पूजन के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को मंदिर परिसर का भ्रमण कराया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर और नाथ पंथ से जुड़ी जानकारियां राष्ट्रीय अध्यक्ष को दीं। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष को अंगवस्त्र, प्रसाद और गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा भेंटकर अभिनंदन किया। गोरखनाथ मंदिर में प्रसाद और जलपान ग्रहण करने के बाद नितिन नवीन पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।
भाजपा अध्यक्ष नितीन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ”आज प्रातः नाथ परंपरा की आस्था के प्रमुख केंद्र गोरखनाथ मंदिर में महायोगी गुरु गोरखनाथ जी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। गुरु गोरखनाथ की इसी साधना स्थली से गोरखपुर को अपना नाम मिला। मान्यता है कि यहां उनके समय से प्रज्वलित अखंड ज्योति आज भी योग, तप और आस्था की अविरल परंपरा का प्रतीक बनी हुई है। गुरु गोरखनाथ के श्रीचरणों में समस्त देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना की।”
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पकंज चौधरी, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सांसद रविकिशन शुक्ल, विजय दुबे, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह, विधायक विपिन सिंह आदि भी उपस्थित रहे।
–आईएएनएस
एसके/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



