राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने शनिवार को गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) के लिए बनाए गए अपतटीय गश्ती जहाज ‘सजग’ को आनलाइन तरीके से सेवा में शामिल किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
डोभाल ने कार्यक्रम में अपने भाषण में चक्रवातों के दौरान बचाव अभियान चलाकर, समुद्री प्रदूषण और नशीली दवाओं के खिलाफ अभियान संचालित करके तटीय आबादी की सहायता करने के लिए आईसीजी की सराहना की।
भारतीय तटरक्षक के एक बयान में कहा गया, ‘‘उन्होंने (डोभाल) कहा कि आईसीजी ने मुंबई हाई में हाल में आई आपदा में समुद्र से कीमती जानें बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है।’’ डोभाल ने अत्याधुनिक मशीनरी और नवीनतम तकनीक के साथ समय पर भारतीय नौसेना और आईसीजी के लिए स्वदेशी जहाज बनाने के लिए गोवा शिपयार्ड की सराहना की।


Download Android App
Download iOS App



