कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा संसद में सांसदों की आवाज दबाए जाने वाले आरोपों पर मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रतिक्रिया सामने आई है। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि पूरक प्रश्न को लेकर सदन से बाहर आसन पर सवाल करना ठीक नहीं है।
लोकसभा अध्यक्ष ने मछलियों को रखने के लिए कोल्ड स्टोरेज बनाने के विषय पर कई सदस्यों द्वारा पूरक प्रश्न पूछे जाने पर कहा कि अगर एक प्रश्न में 15 मिनट लग जाएं तो फिर कैसे होगा। उन्होंने किसी सदस्य का नाम लिए बगैर कहा, ‘‘आपके सदस्य कहेंगे कि 12 बजे के बाद पूरक प्रश्न पूछने नहीं दिया गया। बाहर आसन पर सवाल करना ठीक नहीं है।’’
राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष पर तमिलनाडु का अधिकार छीनने का लगाया आरोप
दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को सदन में प्रश्नकाल के दौरान जानबूझकर कर की अदायगी नहीं करने वाले 50 चूककर्ताओं के नाम पूछते हुए पूरक प्रश्न किया था। इस पर वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने जवाब में कहा कि कांग्रेस नेता राजनीति कर रहे हैं।
बाद में गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि चूककर्ताओं को लेकर लोकसभा में पूरक प्रश्न पूछने नहीं दिया गया और बतौर सांसद उनके अधिकार का संरक्षण नहीं किया गया।


Download Android App
Download iOS App



