भारतीय जनता पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि विपक्ष हर मोर्चे पर सरकार के रचनात्मक और विकास के कार्यों में रोड़े अटकाने का काम कर रहा है। नड्डा ने पार्टी नेताओं से इस बात को जनता तक ले जाने का आह्वान भी किया।
विरोधी दलों का काम सिर्फ भय और डर फैलाना
नई दिल्ली स्थित पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि कोरोना के काल में विरोधी दलों के नेता हाइबरनेशन में थे, इन्होंने डर और भय फैलाने का काम किया। जबकि इस संकट काल में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता लोगों की मदद करने का काम कर रहे थे।
केंद्र की योजनाओं का किया बखान
पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक और राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के भाषण के बारे में मीडिया से बात करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने बताया कि भारत जल्द ही 100 करोड़ वैक्सीनेशन के लक्ष्य को छूने वाला है , इसे लेकर पार्टी अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत गरीबों को राशन देने के लिए भी प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया गया।
अगले 3 महीने की कार्ययोजना होगी निर्धारित
बैठक के बारे में मीडिया से बात करते हुए रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले दिनों में पार्टी के पदाधिकारियों और नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकों में जो कहा, उसके क्रियान्वयन को लेकर आज की बैठक में चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही आगामी कार्ययोजना के स्वरूप पर भी इस बैठक में चर्चा होगी। इस बैठक में पार्टी अगले 3 महीने की कार्ययोजना का निर्धारण भी करेगी।
कार्यकर्ताओं को भविष्य में भी सक्रिय और सजग रहने का मंत्र
पदाधिकारियों की बैठक में अध्यक्षीय भाषण देते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि राजनीति में वही खड़ा रहता है जो अपनी प्रासंगिकता बनाए रखता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सेवा के माध्यम से अपने को सक्रिय रखकर अपनी प्रासंगिकता को बनाए रखा। बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं को भविष्य में भी सक्रिय और सजग रखते हुए संगठन की प्रासंगिकता को कैसे बनाए रखा जाए , इसे लेकर भी चर्चा हुई।


Download Android App
Download iOS App



