कोविन ऐप पर रविवार तक 15 से 18 आयु वर्ग समूह में छह लाख से अधिक पंजीकरण हुए। इस आयु वर्ग का टीकाकरण तीन जनवरी से शुरू होना है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों को टीकों के घालमेल से बचने के लिए 15-18 आयु वर्ग के लिए अलग टीकाकरण केंद्र, अलग कतारें, अलग सत्र स्थल और अलग टीकाकरण दल बनाने की सलाह दी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 27 दिसंबर को जारी दिशा निर्देशों के अनुसार, इस आयु वर्ग के लिए केवल कोवैक्सीन का टीका ही उपलब्ध होगा।
24 दिसंबर को भारत कोवैक्सीन टीके को आपात इस्तेमाल की मिली मंजूरी
भारत के औषधि महानियंत्रक ने 12 साल से अधिक आयु के बच्चों के लिए कुछ शर्तों के साथ 24 दिसंबर को भारत बायोटेक के स्वदेश निर्मित कोवैक्सीन टीके को आपात इस्तेमाल की मंजूरी दे दी।
दिशानिर्देशों का सुचारू कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए, मांडविया ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों और प्रमुख सचिवों तथा स्वास्थ्य संबंधी अतिरिक्त मुख्य सचिवों के साथ ऑनलाइन बातचीत की।
पंजीकरण शनिवार को हुआ शुरू
इस श्रेणी के लाभार्थियों के लिए पंजीकरण शनिवार को शुरू हुआ। दिशा निर्देशों के अनुसार, वे कोविन पर पहले से बने अकाउंट के जरिए खुद ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं या अलग मोबाइल नंबर के जरिए नया अकाउंट बनाकर पंजीकरण कर सकते हैं। रविवार को शाम सात बजकर 50 मिनट तक कोविन ऐप पर 15 से 18 आयु वर्ग में 6.35 लाख से अधिक पंजीकरण हुए। इस आयु वर्ग के लाभार्थी टीकाकरण स्थल पर भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



