कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 21 दिनों के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की घोषणा पर समर्थन जताया है। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ युद्ध में निर्णायक दौर है और इसमें मोदी सेनापति एवं जनता सैनिक है। वहीं पार्टी ने चिदंबरम के इस बयान को निजी बताते हुए किनारा किया।
इसके साथ ही उन्होंने केंद्र से आग्रह करते हुए किसानों, मजदूरों और गरीबों के खातों में पैसे भेजने तथा 30 जून तक सभी जरूरी वस्तुओं एवं सेवाओं पर जीएसटी में पांच फीसदी तक की करने मांग की। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री की ओर से 21 दिनों के बंद की घोषणा कोरोना के खिलाफ लड़ाई में एक निर्णायक दौर है। इस लड़ाई में जनता सैनिक और प्रधानमंत्री सेनापति हैं।’’
राजस्थान में कोरोना वायरस 4 नए मामले आए सामने, कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 36 हुई
चिदंबरम के अनुसार यह सभी लोगों का कर्तव्य है कि वे कोरोना के खिलाफ लड़ाई में प्रधानमंत्री, केंद्र सरकार और राज्य सरकारों का पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि की राशि दोगुना करके 12 हजार रुपये की जाए और किसानों के खातों में तत्काल पैसे भेजे जाएं।
लॉकडाउन पर मोदी का समर्थन और उन्हें सेनापति बताने वाले बयान पर कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह चिदंबरम की निजी राय है और यह पार्टी का मत नहीं है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लोगों से कोरोना वायरस की गंभीरता को समझने और घरों में रहने की अपील करते हुए मंगलवार को 21 दिनों के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की थी।


Download Android App
Download iOS App



