Parliament Monsoon Session : सत्र को हंगामे से बचाने के लिए सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

Summary :

ससंद के मानसून सत्र के दौरान सुचारू रूप से कामकाज संचालित करने के लिये सरकार ने रविवार की सुबह सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

ससंद के मानसून सत्र के दौरान सुचारू रूप से कामकाज संचालित करने के लिये सरकार ने रविवार की सुबह सर्वदलीय बैठक बुलाई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को और राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू ने भी विभिन्न राजनीतिक दलों के सदन के नेताओं की बैठक रविवार को बुलाई है।
सत्र के कामकाज एजेंडे को लेकर करेंगे चर्चा 
सूत्रों के अनुसार, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रविवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है जिसमें सरकार संसद सत्र के दौरान सुचारू ढंग से कार्यवाही के संचालन के लिए विपक्ष से सहयोग मांगेगी और 18 जुलाई से शुरू हो रहे मानसून सत्र के कामकाज के एजेंडे पर भी चर्चा होगी । उन्होंने बताया कि इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बैठक में हिस्सा ले सकते हैं जैसा उन्होंने अतीत में किया है। सूत्रों ने बताया कि बिरला ने सदन में विभिन्न दलों के नेताओं की बैठक शनिवार शाम चार बजे बुलाई है जबकि वेंकैया नायडू ने सर्वदलीय बैठक 17 जुलाई को शाम छह बजे बुलाई है।
गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 18 जुलाई को आरंभ होकर 12 अगस्त तक चलेगा। इसमें कुल 26 दिनों की अवधि में 18 बैठकें होंगी। उपराष्ट्रपति के रूप में वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। संसद का यह सत्र खास रहने वाला है, क्योंकि 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होना है। दूसरी ओर, उपराष्ट्रपति का चुनाव 6 अगस्त को होगा। उपराष्ट्रपति पद के लिए यदि निर्विरोध निर्वाचन नहीं हुआ तो उसी दिन मतों की गणना भी होगी।
सूत्रों के मुताबिक संसद के इस सत्र के दौरान सरकार करीब एक दर्जन नये विधेयक पेश कर सकती है जबकि विपक्ष अग्निपथ योजना, बेरोजगारी व महंगाई, जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है।
 

Desk Team