चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने आश्वासन दिया है कि वह अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सियांग जिले के 17 वर्षीय लड़के मीराम तारोन को रिहा कर देगी, जिसे पिछले मंगलवार को कथित तौर पर उनके द्वारा हिरासत में लिया गया था। यह जानकारी रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने शुक्रवार को दी।
कर्नल हर्षवर्धन पांडे ने की थी पीएलए से बातचीत
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल हर्षवर्धन पांडे ने कहा, ‘हमने (भारतीय सेना) उनसे (पीएलए) हॉटलाइन के माध्यम से बात की है और वह पहले ही वादा कर चुके हैं कि उनके द्वारा इस मामले पर गौर फरमाया जायेगा और युवक को तुरंत रिहा कर दिया जायेगा।’
रिहाई में सात दिन का लगेंगा समय
हिरासत को‘सामान्य प्रक्रिया’बताते हुए उन्होंने कहा कि लड़के की रिहाई में कम से कम सात से दस दिन का समय लगेगा। ‘‘उसके लिए एक सामान्य प्रक्रिया है। और एक बार प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद वे उसे हमें सौंप देंगे।’
गौरतलब है कि किशोर को चीनी पीएलए ने कथित तौर पर शिकार करने के दौरान ऊपरी सियांग जिले के सियुंगला क्षेत्र (बिशिंग गांव) के लुंगटा जोर इलाके में भारतीय क्षेत्र के अंदर से अपहरण कर लिया था। अरुणाचल पूर्व के सांसद तपीर गाओ ने बुधवार को कहा था कि उसका दोस्त जॉनी यायिंग (27) पीएलए के हाथ से भाग गया और अधिकारियों को इसकी सूचना दी।


Download Android App
Download iOS App



