प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टोक्यो पैरालंपिक में पुरूषों की ऊंची कूद स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले निषाद कुमार और डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीतने वाले विनोद कुमार को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री ने रविवार को ट्वीट कर कहा, ‘‘ टोक्यो से बहुत खुशी की खबर आयी है। बहुत प्रसन्नता की बात है कि निषाद कुमार ने पुरूषों की ऊंची कूद टी 47 स्पर्धा में रजत पदक जीता है। वह असाधारण कौशल और इरादे के पक्के शानदार एथलीट हैं। उन्हें बहुत बधाई।’’ उल्लेखनीय है कि निषाद कुमार ने पुरूषों की ऊंची कूद स्पर्धा के फाइनल में 2। 06 मीटर की कूद लगाकर रजत पदक जीता है। इन खेलों में भारत का यह दूसरा पदक है। इससे पहले सुबह भाविना पटेल ने महिला टेबल टेनिस में रजत पदक जीता था।
श्री मोदी ने पुरुषों की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले विनोद कुमार को बधाई दी है।प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट संदेश में कहा, ‘‘विनोद कुमार के शानदार प्रदर्शन से देशभर में खुशी का माहौल है। कांस्य पदक जीतने के लिए उन्हें शुभकामनाएं। उनके कठिन परिश्रम और दृढ़ निश्चय का शानदार परिणाम सामने आया है।’’ उल्लेखनीय है कि विनोद कुमार ने पुरुष डिस्कस थ्रो एफ 52 स्पर्धा में 19.91 मीटर की थ्रो फेंककर कांस्य पदक जीता है। टोक्यो पैरालंपिक में यह भारत का तीसरा पदक है इससे पहले भाविना पटेल ने महिला टेनिस में और निषाद कुमार ने ऊंची कूद स्पर्धा में देश को रजत पदक दिलाया है। भारत को यह तीनों पदक राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन आज ही मिले हैं।


Download Android App
Download iOS App



