कोरोना वायरस को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के लोगों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कोराना वायरस से लड़ाई की तुलना ‘महाभारत के युद्ध’ से की। उन्होंने कहा कि 130 करोड़ महारथियों के बलबूते और सामाजिक दूरी बनाकर एवं घरों में रहकर देश कोरोना युद्ध में जीत हासिल करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘ महाभारत का युद्ध 18 दिनों में जीता गया था। आज कोरोना के खिलाफ जो युद्ध पूरा देश लड़ रहा है, उसमें 21 दिन लगने वाले हैं। हमारा प्रयास है इसे 21 दिन में जीत लिया जाए’’ उन्होंने कहा कि महाभारत के युद्ध में भगवान कृष्ण सारथी थे, कोरोना के खिलाफ युद्ध में 130 करोड़ महारथियों के बलबूते पर हमें जीत दर्ज करना है।
सरकार देश के 80 करोड़ लोगों को हर महीने 7 किलो राशन देगी : प्रकाश जावड़ेकर
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बीमारी में जो बातें सामने आई हैं, उसमें सबसे बड़ी सच्चाई यही है कि ये बीमारी किसी में भेदभाव नहीं करती। यह समृद्ध देश पर भी कहर बरपाती है और गरीब के घर में भी कहर बरपाती है। उन्होंने लोगों को सुझाव दिया, ‘‘नागरिक के रूप में हमें अपने कर्तव्य का पालन करते रहना चाहिए, हमें सामाजिक दूरी बनाने पर ध्यान देना चाहिए। हमें घर में रहना चाहिए और आपस में दूरी बनाए रखना चाहिए।
कोरोना जैसी महामारी से दूर रहने का अभी यही एकमात्र उपाय है।’’ मोदी ने कहा कि यहां की व्यस्तता के बावजूद वह वाराणसी के बारे में निरंतर अपने साथियों से अपडेट ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में, काशी सबका मार्गदर्शन कर सकती है, सबके लिए उदाहरण प्रस्तुत कर सकती है।
गौरतलब है की देश में अब तक कोरोना के 600 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। वहीं कोरोना से संक्रमित 12 लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में बुधवार तक 112 और केरल में 105 केस सामने आ चुके हैं। इन दोनों राज्यों में अब तक सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं।


Download Android App
Download iOS App



