5 अप्रैल को घर के दरवाजे या बालकनी में खड़े होकर 9 मिनट के लिए जलाएं मोमबत्ती या दीया : PM मोदी

Summary :

प्रधानमंत्री ने कहा कि “5 अप्रैल को रात 9 बजे मैं आप सबके 9 मिनट चाहता हूं।” उन्होंने कहा कि “इस दौरान घर की सभी लाइटें बंद करके घर के दरवाजे पर या बालकनी में खड़े रहकर 9 मिनट के लिए मोमबत्ती,दीया,टॉर्च या मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाएं।”

देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, कोरोना संकट के चलते देश में लॉकडाउन जारी है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानि शुक्रवार सुबह  9 बजे  राष्ट्र के लिए एक वीडियो सन्देश सांझा किया। अपने सन्देश में उन्होंने कहा कि “हमें लगातार प्रकाश की ओर जाना है और कोरोना संकट को चुनौती देना है।” इसके लिए देशवासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि 5 अप्रैल यानि आगामी रविवार को रात 9 बजे महाशक्ति का जागरण करें।

प्रधानमंत्री ने देशव्यापी लॉकडाउन के पहले सप्ताह को सफल बनाने के लिए सभी देशवासियों का शुक्रिया अदा किया। मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो संदेश जारी कर कहा, “पहले सप्ताह में लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए प्रशासन और नागरिकों का धन्यवाद।” उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हम सभी एक साथ हैं। वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में कोई व्यक्ति अकेला नहीं है हम सभी साथ हैं। उन्होंने कहा, “ऐसे निरंतर बातचीत से हमें शक्ति मिलती है।”

उन्होंने देशवासियों से कहा कि “कोरोना  वैश्विक महामारी के खिलाफ देशव्यापी लॉकडाउन को आज 9 दिन हो रहे हैं। इस दौरान आप सभी ने जिस प्रकार अनुशासन और सेवा भाव, दोनों का परिचय दिया है, वो अभूतपूर्व है।” उन्होंने कहा कि “इस कोरोना संकट से जो अंधकार और अनिश्चितता पैदा हुई है, उसे समाप्त करके हमें उजाले और निश्चितता की तरफ बढ़ना है। इस अंधकारमय कोरोना संकट को पराजित करने के लिए हमें प्रकाश के तेज को चारो दिशाओं में फैलाना है।” 

Covid-19 : महाराष्ट्र में कोरोना से अबतक 19 की मौत, कुल पॉजिटिव मामले 416

उन्होंने कहा कि इसलिए इस रविवार 5 अप्रैल को हम सबको मिलकर कोरोना  के संकट के अंधकार को चुनौती देनी है और उसे प्रकाश की ताकत का परिचय कराना है। इस 5 अप्रैल को हमें 130 करोड़ देशवासियों की महाशक्ति का जागरण करना है। इस रविवार को 130 करोड़ देशवासियों के महासंकल्प को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।
उन्होंने कहा कि “5 अप्रैल को रात 9 बजे मैं आप सबके 9 मिनट चाहता  हूं।” उन्होंने कहा कि “इस दौरान घर की सभी लाइटें बंद करके घर के दरवाजे पर या बालकनी में खड़े रहकर 9 मिनट के लिए मोमबत्ती,दीया,टॉर्च या मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाएं।” प्रधानमंत्री ने देशवासियों से आग्रह कर कहा कि “सभी लोग 5 अप्रैल को रविवार रात नौ बजे 9 मिनट के लिए सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए अंधेरे में रोशनी कर कोविड-19 संक्रमण के खिलाफ सामूहिक ताकत का प्रदर्शन करें।”

Desk Team