प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डाटा को डिजिटल युग में सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए गुरुवार को यानी आज कहा कि भारत ने इसकी सुरक्षा एवं निजता की रक्षा के लिए मजबूत ढांचा विकसित किया है और वह इसका इस्तेमाल लोगों के सशक्तीकरण के स्रोत के रूप में करता है।
सिडनी संवाद में मोदी ने की डिजिटल युग की सराहना
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया की ओर से आयोजित ‘‘सिडनी संवाद’’ को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग ने राजनीति, अर्थव्यवस्था और समाज को पुनर्भाषित किया है और यह सार्वभौमिकता, शासन, नीति, कानूनों, अधिकारों और सुरक्षा को लेकर नए सवाल भी खड़े कर रहा है।
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को मोदी ने बताया कल्याणकारी
मोदी ने कहा, ‘‘यह अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा, ताकत और नेतृत्व को भी पुनर्भाषित कर रहा है। इसने प्रगति और समृद्धि के नए अवसरों को भी पैदा किया है।’’ प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को क्षेत्र एवं दुनिया के लिए एक कल्याणकारी ताकत बताया।
डिजिटल युग में डाटा सबसे महत्वपूर्ण
उन्होंने डिजिटल युग में डाटा को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए कहा, ‘‘भारत में हमने डाटा सुरक्षा, निजता और सुरक्षा के लिए एक मजबूत ढांचा तैयार किया है। साथ ही साथ हम इसका उपयोग लोगों के सशक्तीकरण के स्रोत के रूप में कर रहे हैं।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत को लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों के निजी अधिकारों की रक्षा करते हुए ऐसा करने का बहुत अनुभव है।


Download Android App
Download iOS App



