प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को ‘‘प्राकृतिक खेती सम्मेलन’’ को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि यह सम्मेलन गुजरात के सूरत में आयोजित किया जा रहा है और इसमें हजारों किसान तथा सभी अन्य हितधारक भाग लेंगे, जिन्होंने सूरत में प्राकृतिक खेती को अपनाने में कामयाबी हासिल की है।
इसमें कहा गया है कि मोदी ने मार्च में गुजरात में एक पंचायत सभा को संबोधित करते हुए प्रत्येक गांव में कम से कम 75 किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया था। सूरत जिले ने विभिन्न हितधारकों और संस्थानों, जैसे कि किसान समूह, निर्वाचित प्रतिनिधियों, फसल उपज विपणन समितियों, सहकारिताओं और बैंकों को किसानों की मदद करने के वास्ते जागरूक एवं प्रेरित करने के लिए समन्वित प्रयास किए।
पीएमओ ने कहा कि इसके परिणामस्वरूप प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 75 किसानों की पहचान की गयी तथा उन्हें प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रेरित एवं प्रशिक्षित किया गया। किसानों को 90 अलग-अलग समूहों में प्रशिक्षित किया गया और इसके परिणामस्वरूप जिले के 41,000 से अधिक किसानों को प्रशिक्षण दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



