प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 10 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी। एक दिन पहले ही देश में कोविड-19 रोधी टीकों की अब तक दी गई खुराक की संख्या 100 करोड़ के पार पहुंची थी।
प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को एक लेख में, इस उपलब्धि को इतिहास रचने के समान बताया। उन्होंने भारत के कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान को ‘‘चिंता से आश्वासन’’ की यात्रा के रूप में वर्णित किया, जिसने देश को मजबूत बनाया। साथ ही इसकी सफलता का श्रेय टीकों में लोगों के भरोसे को दिया। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड रोधी टीकाकरण के तहत बृहस्पतिवार को भारत के 100 करोड़ खुराक का आंकड़ा पार करने पर कहा कि देश के पास पिछले 100 वर्ष की सबसे बड़ी वैश्विक महामारी का मुकाबला करने के लिए अब एक मजबूत ‘सुरक्षा कवच’ है।
मोदी ने टीकाकरण की इस उपलब्धि को भारतीय विज्ञान, उद्यम और 130 करोड़ भारतीयों की सामूहिक भावना की विजय करार दिया और यहां स्थित राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल का दौरा किया जहां उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कर्मियों तथा टीका लगवाने पहुंचे लाभार्थियों से बात की।


Download Android App
Download iOS App



