राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नए साल की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दी और उनसे नये साल में देश एवं समाज की प्रगति के अभियान में योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया ।
नया साल 2022 आपके जीवन में खुशियां और अच्छे स्वास्थ्य के साथ सफलता एवं समृद्धि लायेगा – राष्ट्रपति
राष्ट्रपति भवन के बयान के अनुसार, राष्ट्रपति कोविंद ने अपने संदेश में कहा, ‘‘ आशा है कि यह नया साल हमारे जीवन में शांति, समृद्धि और भाइचारे की भावना को मजबूत बनायेगा । इस अवसर पर हम देश एवं समाज की प्रगति के अभियान में योगदान देने का संकल्प लें ।’’
राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘ नये वर्ष 2022 के उल्लासपूर्ण अवसर पर मैं भारत और विदेशों में रहने वाले हमारे देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं । ’’
राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि आशा करते हैं कि नया साल 2022 आपके जीवन में खुशियां और अच्छे स्वास्थ्य के साथ सफलता एवं समृद्धि लायेगा ।
वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नव वर्ष 2022 की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई दी और कहा कि नववर्ष नवीन उल्लास और नई उमंग का प्रतीक है तथा यह नई आशाओं और नए संकल्पों का भी अवसर है।
उन्होंने कहा, ‘‘ यह दिन हमें प्रेरणा देता है कि हम स्वयं को देश की उन्नति तथा देशवासियों के कल्याण के लिए नई ऊर्जा के साथ समर्पित करें।’’
लोकसभा सचिवालय के बयान के अनुसार, बिरला ने कहा, ‘‘ हमारी चेतना और हमारे विवेक में भारत के नवनिर्माण का लक्ष्य हो। हमारा प्रत्येक कर्म समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने में योगदान करे।’’


Download Android App
Download iOS App



