PM मोदी ने महालया पर देशवासियों को दीं शुभकामनाएं, कहा- सभी के स्वस्थ और सुखी जीवन की कामना करता हूं

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को महालया के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और आने वाले समय में सभी के स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को महालया के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और आने वाले समय में सभी के स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की। महालया को दुर्गा पूजा की शुरुआत और पितृपक्ष का समापन माना जाता है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘शुभ महालया! हम मां दुर्गा के सामने शीश झुकाते हैं और पूरी पृथ्वी के कुशलक्षेम और अपने नागरिकों के कल्याण के लिए उनसे आशीर्वाद मांगते हैं। आने वाले समय में सभी के खुशहाल और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’’


महालया अमावस्या के अगले दिन यानी प्रतिपदा पर शारदीय नवरात्रि की शुरुआत होती है। शारदीय नवरात्रि की दुर्गा पूजा में महालया का विशेष स्थान होता है। महालया के दिन से ही दुर्गा पूजा का प्रारंभ होता है। पश्चिम बंगाल में महालया बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है।

वहीं जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में स्थित प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी गुफा में वरिष्ठ अधिकारियों ने सात अक्टूबर से शुरू हो रहे नवरात्रों से पहले सोमवार को सुरक्षा इंतजाम की समीक्षा की। उधमपुर रियासी संभाग के पुलिस उप महानिरीक्षक सुलेमान चौधरी ने कटरा में बैठक के दौरान सुरक्षा की समीक्षा की। 
माता के दर्शन के लिए कटरा में आधार शिविर है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह और सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, रेलवे एवं खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा अन्य लोग इस बैठक में शामिल हुए। 

Desk Team