केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ देने के नाम पर आधार कार्ड की तर्ज पर 12 अंक की एक विशिष्ट पहचान पत्र (आईडी) बनाने की शुरुआत की है। सरकार ने मंगलवार को बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा देश के किसानों के लिए विशिष्ट पहचान पत्र (आईडी) बनाने की प्रक्रिया चल रही है।
लोकसभा में पी वेलुसामी और के षणमुग सुंदरम के प्रश्न के लिखित उत्तर में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने यह जानकारी दी। सदस्यों ने पूछा था कि क्या सरकार का किसानों के लिये विशिष्ट पहचान पत्र (आईडी) बनाने का कोई विचार है ? इस पर कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, ‘‘ कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा देश के किसानों के लिए विशिष्ट पहचान पत्र (आईडी) बनाने की प्रक्रिया चल रही है। किसान का विशिष्ट पहचान पत्र उन सभी कृषि योजनाओं से जोड़ेगा, जिनका लाभ किसान ने प्राप्त किया है। ’’
उन्होंने इसके फायदे बताते हुए कहा कि इसमें ई-नो यॉर फार्मर (ई-के वाई एफ) के माध्यम से किसान के सत्यापन का प्रावधान है जिससे विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ प्राप्त करने के लिए विभिन्न विभागों को भौतिक दस्तावेज को फिर से जमा करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। तोमर ने बताया कि इससे क्षेत्र आधारित और अनुकूल सलाह सुगम हो सकेगी तथा इसके माध्यम से प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों के कारण फसल को हुए नुकसान के आकलन में आसानी होगी।


Download Android App
Download iOS App



