कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लद्दाख और उत्तराखंड में कथित चीनी घुसपैठ के मुद्दे पर रविवार को यानी आज सरकार पर हमला बोला। उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनावों के लिए रैलियों में की गई ‘56 इंच की छाती वाली’ टिप्पणी को याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने लद्दाख और उत्तराखंड का जिक्र करते हुए ट्वीट किया,“चीन प्लस पाकिस्तान प्लस ‘श्रीमान 56 इंच’ भारत की भूमि पर बढ़ते चीनी कब्जे के बराबर है।”
चीन + पाकिस्तान + Mr 56”
=
भारत भूमि पर बढ़ता चीनी क़ब्ज़ा।#Ladakh #Uttarakhand pic.twitter.com/7rel1NFE6M— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 3, 2021
चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के करीब 100 सैनिक 30 अगस्त को उत्तराखंड के बाराहोटी सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) को पार कर आ गए थे। घटना की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया था कि चीनी सैनिक कुछ घंटे बिताने के बाद इलाके से लौटे। चीन के उल्लंघन पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई थी। पूर्वी लद्दाख में कई इलाकों में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच जारी गतिरोध के बीच यह घटना हुई।
हालांकि दोनों पक्षों ने दो संवेदनशील स्थानों से पीछे हटने का काम पूरा कर लिया है। चीन ने इस क्षेत्र में एलएसी के आस-पास बुनियादी ढांचे के विकास को काफी बढ़ा लिया है। भारत पूर्वी लद्दाख गतिरोध के बाद लगभग 3,500 किलोमीटर लंबी एलएसी पर कड़ी निगरानी बनाए हुए है। राहुल गांधी और उनकी कांग्रेस पार्टी लद्दाख में कथित चीनी घुसपैठ को लेकर सरकार पर हमले बोलती रही है।


Download Android App
Download iOS App



