राहुल ने निर्धारित समय में पात्र आबादी का टीकाकरण न कर पाने पर केंद्र की निंदा की, कहा-एक और जुमला चकनाचूर

Summary :

राहुल गांधी ने सभी पात्र लाभार्थियों को इस साल के अंत तक कोविड-19 रोधी टीके की पूरी खुराक देने का ‘‘वादा’’ पूरा न करने के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की शुक्रवार को आलोचना की।

देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का प्रकोप एक बार फिर देखने को मिल रहा है। ऐसे में लोगों के मन में खौफ का माहौल फिर से बनने लगा है। इसी बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सभी पात्र लाभार्थियों को इस साल के अंत तक कोविड-19 रोधी टीके की पूरी खुराक देने का ‘‘वादा’’ पूरा न करने के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की शुक्रवार को आलोचना की। 
राहुल ने ट्वीट कर साधा मोदी सरकार पर निशाना सरकार ने जून में उच्चतम न्यायालय में कहा था कि उसे इस साल के अंत तक पूरी पात्र आबादी को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक देने की उम्मीद है। गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘केंद्र ने 2021 के अंत तक सभी को टीकों की दो खुराक देने का वादा किया था। आज इस साल का आखिरी दिन है। देश अब भी टीके से दूर है। एक और जुमला चकनाचूर।’’ 

अब तक टीको की 144.67 करोड़ खुराकें दी गईं 
देश भर में शुक्रवार दोपहर तक कोविड-19 रोधी टीके की 144.67 करोड़ खुराकें दी गईं। 84.51 करोड़ से अधिक लाभार्थियों ने टीके की पहली खुराक ले ली है जबकि 60.15 करोड़ से अधिक लाभार्थियों ने दोनों खुराक ले ली है। 18 वर्ष की आयु से अधिक के लाभार्थियों की कुल संख्या 94 करोड़ है। 
ओमिक्रॉन ने पकड़ी रफ्तार, बना हुआ है दहशत का माहौल 
भारत में कोरोना के ओमीक्रॉन वैरिएंट ने रफ़्तार पकड़ ली है। इसके साथ ही देश में कोरोना के दैनिक आंकड़ों में भारी उछाल हुआ है। पिछले 24 घंटे में कोरोना 16 हज़ार से ज्यादा केस सामने आए हैं। वहीं ओमीक्रॉन का आंकड़ा 1200 को पार कर गया है। साल के आखिरी दिन में हुए इस उछाल ने चिंता बढ़ा दी है। 
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 16 हज़ार 764 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इस दौरान 374 मरीज स्वस्थ हुए हैं। वहीं, ओमिक्रॉन वैरिएंट का आंकड़ा देश में 1270 तक पहुंच गया है। 450 मामलों के साथ महाराष्ट्र सबसे ऊपर है। उसके बाद दिल्ली में 370 मामले और केरल 100 मामलों के साथ तीसरे स्थान पर है। 
देश में 64 दिनों बाद सामने आया डराने वाला आंकड़ा   
आंकड़ों के मुताबिक, कोविड-19 के दैनिक मामले करीब 64 दिनों बाद 16,000 का आंकड़ा पार कर गए हैं जिससे भारत में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 3,48,38,804 हो गयी है जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 91,361 हो गयी है। भारत में एक दिन में संक्रमण के 16,794 नए मामले आए जबकि 220 मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या 4,81,080 पर पहुंच गयी है।

Desk Team