पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए जारी मतगणना के बीच शिवसेना ने मंगलवार को कहा कि चुनाव के नतीजे भाजपा के लिए स्पष्ट संदेश है और सत्तारूढ गठबंधन को आत्मावलोकन की जरूरत है। शिवसेना के प्रवक्ता एवं राज्यसभा में पार्टी के सांसद संजय राउत ने कहा कि रुझानों से प्रतीत होता है कि भाजपा का विजय रथ थम गया है।
संसद भवन परिसर में राउत ने संवाददाताओं से कहा, ” मैं नहीं कहूंगा कि ये कांग्रेस की जीत हैं लेकिन यह लोगों का गुस्सा है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट संदेश है और यह हमारे लिए आत्मावलोकन करने का समय है।”
राजस्थान विधानसभा चुनाव : रुझानों में कांग्रेस को बहुमत, 101 पर आगे
महाराष्ट्र और केन्द्र में भाजपा नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद शिवसेना के रिश्ते भाजपा के साथ तल्ख रहे हैं। दोनों पार्टियों ने वर्ष 2014 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था लेकिन सरकार बनाने के लिए बाद में साथ आ गए थे।
ताजा रुझानों के अनुसार भाजपा छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस से पीछे चल रही है। मध्य प्रदेश में दोनों दलों के बीच कांटे की टक्कर है। तेलंगाना में टीआरएस का एक बार फिर सरकार बनाना लगभग तय है और मिजोरम में एमएनएफ ने सत्तारूढ कांग्रेस को काफी पीछे छोड़ दिया है।


Download Android App
Download iOS App




