लखीमपुर हिंसा पर सियासत तेज, राउत बोले- विपक्ष को एकजुट होने की जरूरत, राहुल से करूंगा मुलाकात

Summary :

शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना के बाद विपक्षी दलों को एकजुट होकर कदम उठाने की जरूरत है और ऐसे में वह आज शाम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे।

शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना के बाद विपक्षी दलों को एकजुट होकर कदम उठाने की जरूरत है और ऐसे में वह आज शाम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे।

लखीमपुर खीरी की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘लखीमपुर खीरी की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। प्रियंका गांधी को उप्र सरकार ने गिरफ्तार किया है। विपक्षी नेताओं को किसानों से मिलने से रोका जा रहा है। उत्तर प्रदेश में सरकार के दमन के खिलाफ विपक्ष को एकजुट होकर कदम उठाने की जरूरत है। राहुल गांधी से शाम 4.15 बजे मुलाकात करूंगा। जय हिंद।’’
30 घंटे बाद भी पुलिस अभिरक्षा में हैं प्रियंका 
लखीमपुर खीरी के तिकोनिया क्षेत्र में हुई हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत के बाद वहां जाने के दौरान रास्ते में हिरासत में ली गईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा 30 घंटे बाद भी पुलिस अभिरक्षा में हैं। गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया क्षेत्र में रविवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के पैतृक गांव के दौरे के विरोध को लेकर भड़की हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में मिश्रा के बेटे आशीष समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रियंका गांधी गिरफ्तार
वहीं तजा मिली जानकारी के अनुसार प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ सीतापुर के हरगांव पुलिस स्टेशन में निषेधाज्ञा की अवहेलना और उकसाने सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पीएसी गेस्ट हाउस, जहां वह सोमवार से नजरबंद हैं, को अस्थायी जेल के रूप में अधिसूचित किया गया है।

Desk Team