आम आदमी पार्टी (आप) नेता संजय सिंह ने सोमवार को राज्यसभा में केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और मांग करते हुए कहा कि महात्मा गांधी को अपमानित करने वाले लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। सिंह ने उच्च सदन में राष्ट्रपति अभिभाषण पर पेश धन्यवाद प्रस्ताव पर हुयी चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि देश आजादी के 75वें वर्ष में अपने महापुरूषों को याद कर रहा है लेकिन अभिभाषण में महात्मा गांधी का जिक्र नहीं किया गया।
संजय सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर साधा केंद्र पर निशाना
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में महात्मा गांधी को अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी को अपमानित करना राष्ट्रद्रोह है और ऐसे लोगों को गिरफ्तार उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार इस मामले पर खामोश हैं। उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर समाज को सांप्रदायिक आधार पर बांटने का आरोप लगाया और कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव को 80 बनाम 20 की लड़ाई बता रही है।
सरकार को बंद करना चाहिए भारत को ‘बांटने’ का प्रयास
इसके अलावा चुनाव में पाकिस्तान का नाम लेकर मतदाताओं को डराने का प्रयास किया जा रहा है। आप नेता ने दावा किया कि मुफ्त राशन योजना मार्च तक ही है और चुनाव के बाद राशन योजना को खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’, ‘सबका साथ सबका विश्वास’ की बात करती रहती है लेकिन उसकी करनी अलग होती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति अभिभाषण के जरिए सरकार ने बड़ी-बड़ी बातें की हैं लेकिन जमीन पर उसके कदम एकदम विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को भारत को ‘बांटने’ का प्रयास बंद करना चाहिए और सभी धर्मों और सभी वर्गों के लोगों को सभी सुविधाएं मिलनी चाहिए ताकि सभी लोग खुशहाल हो सकें।


Download Android App
Download iOS App



