MCD Standing Committee Election : दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा बरकरार रहना लगभग तय हो गया है। मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए मौजूदा अध्यक्ष सत्या शर्मा और उपाध्यक्ष पद के लिए करावल नगर-ईस्ट के पार्षद सत्यपाल सिंह ने नामांकन दाखिल किया। वहीं, आम आदमी पार्टी ने दोनों पदों के लिए कोई उम्मीदवार नहीं उतारा। ऐसे में 27 जुलाई को होने वाले चुनाव में भाजपा के दोनों उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
दोनों उम्मीदवारों ने निगम सचिव अनिल कुमार यादव के समक्ष नामांकन दाखिल किया। इस दौरान महापौर प्रवेश वाही, उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, नेता सदन जय भगवान यादव, वरिष्ठ पार्षद मुकेश गोयल और हेमचंद गोयल सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नामांकन दाखिल करने के बाद सत्या शर्मा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर दोबारा भरोसा जताया जाना सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा कि आगामी कार्यकाल में वर्ष 2022 के एमसीडी चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा किए गए वादों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही पिछले बजट में घोषित योजनाओं को धरातल पर उतारने और विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
सत्या शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के मार्गदर्शन में बेहतर समन्वय के साथ एमसीडी को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा के सत्ता संभालने के बाद भलस्वा, ओखला और गाजीपुर के कूड़े के पहाड़ लगातार छोटे हुए हैं और इन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में काम जारी है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, पार्कों के रखरखाव, सड़कों और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। स्थायी समिति में कुल 18 सदस्य हैं, जिनमें भाजपा के 12 और अन्य दलों के छह सदस्य हैं।
भाजपा के स्पष्ट बहुमत और विपक्ष की ओर से उम्मीदवार नहीं उतारे जाने के कारण अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा की निर्विरोध जीत तय मानी जा रही है। चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगस्त में स्थायी समिति की पहली बैठक होने की संभावना है। इस बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, लैंडफिल स्थलों पर कचरा निस्तारण, बायो-माइनिंग, पार्किंग व्यवस्था और निगम के विभिन्न नियमों में संशोधन सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।



Download Android App
Download iOS App




