केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति के उन्हें थप्पड़ मारने की कोशिश की घटना के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वह उन्हें उचित सुरक्षा मुहैया कराने में असफल रही। ठाणे जिले के अम्बरनाथ में शनिवार रात आर पी आई (अठावले) के प्रमुख को प्रवीण गोसावी नाम के व्यक्ति ने थप्पड़ मारने की कोशिश की थी।
रविवार सुबह जारी किए गए बयान में रामदास अठावले ने कहा, “पुलिस ने उचित सुरक्षा मुहैया नहीं कराई, जिससे हमलावर को मुझे निशाना बनाने में मदद मिली। मेरी लोकप्रियता बढ़ रही है और इसलिए शायद ईर्ष्यावान व्यक्ति ने मुझे निशाना बनाया। मैं इस सिलसिले में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से मुलाकात करूंगा।”
रैली के दौरान केंद्रीय मंत्री अठावले को थप्पड़ मारने वाला शख्स हिरासत में
घटना रात करीब सवा दस बजे उस समय हुई जब अठावले संविधान पर भाषण देने के बाद मंच से नीचे उतर रहे थे। इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया सामाजिक न्याय एवं सशक्तीकरण राज्य मंत्री को कोई चोट नहीं आई क्योंकि उनके साथ खड़े लोगों और पुलिसकर्मियों ने गोसावी की मंशा को सफल नहीं होने दिया।
घटना के मद्देनजर अठावले ने रविवार सुबह अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की। स्थानीय आरपीआई (ए) इकाई ने घटना के विरोध में रविवार को अम्बरनाथ बंद का आह्वान किया है। अधिकारी ने बताया कि शहर में स्थिति शांत है और निगरानी रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सुबह से किसी भी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



