शहीद भगत सिंह की 114वीं जयंती आज, PM मोदी समेत कई दिग्गजों ने किया सलाम

Summary :

शहीद भगत सिंह की आज 114वीं जयंती है। आज इस मौके पर हर कोई अपनी ओर से भगत सिंह को सलाम कर रहा है, देश के कई दिग्गजों ने भी मंगलवार को ट्वीट कर भगत सिंह को श्रद्धांजलि दी।

शहीद भगत सिंह की आज (28 सितंबर) 114वीं जयंती है। आज इस मौके पर हर कोई अपनी ओर से भगत सिंह को सलाम कर रहा है, देश के कई दिग्गजों ने मंगलवार को ट्वीट कर भगत सिंह को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शहीद भगत सिंह की जयंती के मौके पर उनके महान आदर्शों को याद किया तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि आजादी के महान सेनानी शहीद भगत सिंह को उनकी जन्म-जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। वीर भगत सिंह हर भारतीय के दिल में बसते हैं। उनके साहसी बलिदान ने अनगिनत लोगों में देशभक्ति की चिंगारी जलाई है। मैं उनकी जयंती पर उन्हें नमन करता हूं और उनके महान आदर्शों को याद करता हूं।


भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस मौके पर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि परम देशभक्त, महान स्वतंत्रता सेनानी, भारत मां के अमर वीर सपूत शहीद भगत सिंह जी की जयंती पर उन्हें शत् शत् नमन। अपनी अल्पायु में अपने शौर्य एवं पराक्रम से जनमानस में स्वाधीनता की अलख जगाने और मां भारती के लिए न्यौछावर आपका जीवन युवाओं में सदैव देशप्रेम की लौ जलाता रहेगा। 


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर भगत सिंह को याद किया। अऱविंद केजरीवाल ने कहा कि भारत माता के वीर सपूत, महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आज़म भगत सिंह जी की जन्म जयंती पर उन्हें कोटि कोटि नमन। 


उल्लेखनीय है कि शहीद भगत सिंह का जन्म 28 सितंबर 1907 पंजाब के लायलपुर जिला के बंगा गांव (अब पाकिस्तान) में हुआ था। शहीद भगत सिंह को असेंबली में बम फेंकने के आरोप में शहीद राजगुरु और शहीद सुखदेव सहित 23 मार्च 1931 को फांसी दे दी गई थी। 

Desk Team