कोरोना वायरस संक्रमण को हराने के लिए सभी को टीका लगवाना जरूरी है, ऐसे में सरकार और कई वैक्सीन उप्पादक कंपनियां साथ मिलकर नई तरह की वैक्सीनों पर काम कर रही है, जो कोरोना के किसी भी प्रकार को मात देने में सक्षम होगी। ऐसे में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) के सीईओ अदार पूनावाला ने शुक्रवार को कहा कि नोवावैक्स इंक द्वारा विकसित कोविड-19 टीके कोवोवैक्स की पहली खेम का उत्पादन एसआईआई की पुणे इकाई में किया जा रहा है।
पूनावाला ने एक ट्वीट किया, ‘‘पुणे में हमारी इकाई में इस सप्ताह निर्मित किए जा रहे कोवोवैक्स (नोवावैक्स द्वारा विकसित) की पहली खेप देखने के लिए उत्साहित हूं। इस टीके में 18 वर्ष से कम आयु की हमारी भावी पीढ़ियों की रक्षा करने की काफी क्षमता है। परीक्षण जारी हैं। सीरम इंडिया टीम ने अच्छा कार्य किया है।’’
उन्होंने इस साल मार्च में कहा था कि भारत में कोवोवैक्स टीके का क्लीनिकल ट्रायल शुरू हो गया है और कंपनी इसे इस साल सितंबर तक पेश करने की उम्मीद करती है। अगस्त 2020 में, अमेरिकी टीका कंपनी नोवावैक्स इंक ने अपने कोविड-19 टीके एनवीएक्स-सीओवी-2373 के विकास और व्यावसायीकरण के लिए एसआईआई के साथ एक लाइसेंस समझौते की घोषणा की थी। इस साल जनवरी में सीरम इंस्टीट्यूट ने कोविशील्ड टीके को देश में पेश किया था। इसने टीके के निर्माण के लिए ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और एस्ट्राजेनेका के साथ सहयोग किया था।


Download Android App
Download iOS App



