सरकार ने अब तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोरोना वायरस के इलाज में काम आने वाली दवा रेमडेसिविर की 98.87 लाख शीशियां आवंटित की हैं। केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री सदानंद गौड़ा ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 23 मई से लेकर 30 मई की अवधि के लिए राज्यों को इस इंजेक्शन की 22.17 लाख शीशियां आवंटित की गई हैं।
गौड़ा ने ट्वीट किया कि सभी राज्यों और संघ शासित प्रदेशों को 23 से 30 मई के लिये रेमडेसिविर की अतिरिक्त 22.17 लाख शीशियां आवंटित की गईं। इससे पहले सभी राज्यों को 23 मई तक इस दवा की 76.70 लाख शीशियां उपलब्ध कराई गई इस प्रकार अब तक देशभर में रेमडेसिविर की कुल मिलाकर 98.87 लाख दवा की शीशियां आवंटित कर दी गई हैं।

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेज वृद्धि के बीच रेमडेसिविर इंजेक्शन की मांग कई गुणा बढ़ गई है। सरकार पहले ही रेमडेसिविर, इसके कच्चे माल और दूसरी सामग्री के आयात पर सीमा शुल्क को समाप्त कर चुकी है। यह कदम देश में इसकी उपलब्धता बढ़ाने और लागत को कम रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। इसके साथ ही सरकार ने इस इंजेक्शन के देश से निर्यात पर भी 11 अप्रैल को रोक लगा दी थी। सरकार के हस्तक्षेप के बाद कई दवा कंपनियों ने भी इस दवा का दाम कम किया है।


Download Android App
Download iOS App



