सोनिया ने PM मोदी से किया आग्रह – रास्ते में फंसे मजदूरों की मदद के लिए राष्ट्रीय स्तर पर परामर्श जारी किया जाए

Summary :

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि देश में लॉकडाउन के दौरान कई जगहों पर रास्तों में फंसे मजदूरों एवं गरीबों की मदद के लिए राष्ट्रीय स्तर पर परामर्श जारी किया जाए।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि देश में लॉकडाउन के दौरान कई जगहों पर रास्तों में फंसे मजदूरों एवं गरीबों की मदद के लिए राष्ट्रीय स्तर पर परामर्श जारी किया जाए। 
सोनिया ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर यह आग्रह भी किया कि रास्ते में फंसे लोगों को उनके घरों तक जाने के लिए राज्य परिवहन की सेवा मुहैया कराई जाए और जिला कलेक्टर को उनकी मदद का उत्तरदायित्व दिया जाए। 
उन्होंने कहा, ”लाखों मजदूर सैकड़ों किलोमीटर दूर अपने घरों को पैदल जाने को मजबूर हैं क्योंकि सार्वजनिक परिवहन सेवा बंद है। बहुत सारे लोग अपने घरों एवं होटलों में हैं और उनके पास पैसे नहीं हैं।” 
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”मेरा आग्रह है कि रास्ते में फंसे लोगों की मदद के लिए राष्ट्रीय स्तर पर परामर्श जारी किया जाए।” 
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सरकार से रास्ते में फंसे लोगों की मदद का आग्रह किया। 
उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा, ”दिल्ली के बॉर्डर पर त्रासद स्थिति पैदा हो चुकी है। हजारों की संख्या में लोग पैदल अपने घरों की तरफ निकल पड़े हैं। कोई साधन नहीं, भोजन नहीं। ” 
प्रियंका ने कहा, ”कोरोना का आतंक, बेरोजगारी और भूख का भय इनके पैरों को घर गाँव की ओर धकेल रहा है। 
मैं सरकार से प्रार्थना करती हूँ ।कृपया इनकी मदद कीजिए।’ 

Shera Rajput