प्रशांत किशोर के अगले कदम को लेकर सस्पेंस बरकरार! ट्वीट कर अटकलों को दी हवा, जानें क्या कहा

Summary :

कांग्रेस का प्रस्ताव ठुकराने के बाद राजनीतिक जगत में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के अगले कदम को लेकर सस्पेंस अब भी बरकरार है।

कांग्रेस का प्रस्ताव ठुकराने के बाद राजनीतिक जगत में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के अगले कदम को लेकर सस्पेंस अब भी बरकरार है। इस बीच उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट कर अटकलों के बाजार को एक बार फिर सक्रीय कर दिया है। दरअसल, उन्होंने एक ट्वीट किया जिसमें कहा गया था कि असली मुद्दों को समझने के लिए अब “रियल मास्टर्स” यानी देश की जनता तक जाने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि उनकी तलाश बिहार से शुरू होगी। 
प्रशांत किशोर ने ट्वीट कर कही यह बात 
प्रशांत किशोर ने ट्वीट कर कहा कि “लोकतंत्र में एक सार्थक भागीदार बनने की मेरी खोज और जन-समर्थक नीति को आकार देने में मदद करने के लिए मैंने 10 साल की रोलरकोस्टर यानी उतार-चढ़ाव से भरी यात्रा की है! उन्होंने आगे लिखा, ”अब मुद्दों और जन सुराज के मार्ग को और अच्छे से समझने के लिए ‘रियल मास्टर’ यानी जनता से रूबरू होने का समय आ गया है, शुरुआत बिहार से…। 
पिछली क्षमता के साथ नहीं बनूंगा किसी पार्टी का हिस्सा :प्रशांत किशोर 
यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह एक नया राजनीतिक संगठन बनाएंगे या किसी मौजूदा पार्टी में शामिल होंगे। सूत्रों ने संकेत दिया कि प्रशांत किशोर एक नया राजनीतिक संगठन बना सकते हैं। उन्होंने पहले कहा था कि वह चुनाव का हिस्सा बने रहेंगे, लेकिन अपनी पिछली क्षमता में नहीं। मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “बंगाल चुनाव के बाद, मैंने घोषणा की थी कि मैं अपनी पहले की क्षमता से किसी पार्टी का हिस्सा नहीं बनूंगा। लेकिन, इसका मतलब यह नहीं है कि मैं किसी चुनाव का हिस्सा नहीं बनूंगा।”

Desk Team