ब्रिटेन के साथ बातचीत पटरी पर, राजनीतिक घटनाक्रम का करना होगा इंतजार – पीयूष गोयल

Summary :

ब्रिटेन में राजनितिक उथल-पुथल के बीच वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर ब्रिटेन के साथ भारत की बातचीत पूरी तरह से पटरी पर है।

ब्रिटेन में राजनितिक उथल-पुथल के बीच वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर ब्रिटेन के साथ भारत की बातचीत पूरी तरह से पटरी पर है।
हालांकि, उन्होंने कहा कि ब्रिटेन में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा।
ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने कंजरवेटिव पार्टी में अपने नेतृत्व के खिलाफ खुली बगावत के बाद बृहस्पतिवार को पार्टी नेता के पद से इस्तीफा दे दिया।
ट्रस ने कहा कि वह पिछले महीने उन्हें मिले जनादेश का पालन नहीं कर पा रहीं और इस तरह केवल 45 दिन का उनका कार्यकाल समाप्त हो गया।
गोयल ने यहां उद्योग मंडल सीआईआई के राष्ट्रीय निर्यात सम्मेलन में कहा, ‘‘हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा कि क्या होता है। क्या वहां नेतृत्व का जल्द परिवर्तन होता है या पूरी प्रक्रिया चलेगी। हमें देखना होगा कि सरकार में कौन आता है और उसके क्या विचार होंगे।’’
उन्होंने कहा कि ब्रिटेन के नेताओं और कारोबारियों ने माना है कि भारत के साथ एफटीए समझौता करना उनका लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
गोयल ने कहा, ‘‘मेरी अपनी समझ है कि जो भी सरकार में आएगा वह हमसे बात करना चाहेगा।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि व्यापार समझौता निष्पक्ष, न्यायसंगत और संतुलित होना चाहिए। यह समझौता दोनों देशों के लिए फायदे की स्थिति होनी चाहिए। जब तक दोनों देश संतुष्ट नहीं होंगे, तब तक समझौता नहीं होगा।
गोयल ने कहा, ‘‘इसलिए हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा। लेकिन मुझे विश्वास है कि ब्रिटेन, कनाडा, यूरोपीस संघ के साथ हमारे एफटीए की जल्द ही घोषणा कर सकते हैं। सब पर अच्छे से काम चल रहा है।’’

Shera Rajput