आतंकी हेडली का भाई भी आया था अटलजी को श्रद्धांजलि देने!

Summary :

NULL

नई दिल्ली : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए पाकिस्तान से आए प्रतिनिधिमंडल में मुंबई हमले में लिप्त आतंकी डेविड हेडली के भाई दानियाल गिलानी के शामिल होने की रिपोर्ट है।  अंतिम संस्कार में आए पाकिस्तानी दल को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। 5 सदस्यों के इस दल में 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के आरोपी डेविड हेडली का सौतेला भाई दानियाल गिलानी भी शामिल था। दानियाल पाकिस्तानी सिविल सर्वेंट है और वो खुद के डेविड हेडली से रिश्तों को नकारता रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डेविड हेडली उसके पिता और अमेरिकी नागरिक का बेटा है। वहीं एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया कि दानियाल गिलानी को ब्लैकलिस्ट चेक करने के बाद ही वीज़ा दिया गया, उसके आतंकवाद से जुड़े होने की कोई रिपोर्ट नहीं है। आपको बता दें कि पाकिस्तानी अमेरिकी आतंकी डेविड हेडली की 26/11 के मुंबई आतंकी हमले में भूमिका थी इसी वजह से वो अमेरिका में जेल की हवा खा रहा है।

पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल में दानियाल गिलानी के चयन को लेकर तमाम विशेषज्ञ भी चकित हैं। गिलानी पाकिस्तान में सेंट्रल फिल्म सेंसर बोर्ड के चेयरमैन के तौर पर कार्यरत है। हालांकि दानियाल गिलानी सिर्फ अंतिम संस्कार में ही शामिल हुआ। वह पाकिस्तान के कार्यवाहक कानून मंत्री सैयद अली जफर और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के बीच औपचारिक बैठक में मौजूद नहीं था। अधिकारियों के मुताबिक औपचारिक बैठक में पाकिस्तान के उच्चायुक्त सोहेल मेहमूद, कार्यवाहक कानून मंत्री सैयद अली जफर और विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता व दक्षिण एशिया के महानिदेशक मेहमूद फैजल ही शामिल थे। दानियाल गिलानी ने खुद इस औपचारिक बैठक को लेकर ट्वीट किया है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों जब कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भारत आए थे तब भी इसी तरह का एक विवाद पैदा हो गया था। दरअसल, जस्टिन ट्रूडो के लिए आयोजित एक आधिकारिक कार्यक्रम में खालिस्तान का समर्थन करने वाला दोषी आतंकी जसपाल अटवाल भी मौजूद था। इसके बाद सरकार को इस मामले में दखल देना पड़ा था। आपको बता दें कि भारत लगातार पाकिस्तान की धरती पर आतंकियों को मदद मुहैया कराए जाने का मुद्दा उठा रहा है।

Desk Team