देशभर में चल रहे कोरोना वायरस रोधी टीकाकरण अभियान के दैनिक औसत में 21 जून से कमी देखी जा रही है, जब देश में कोविड-19 टीकाकरण का नया चरण आरंभ हुआ था। सरकारी आंकड़ों से यह पता चला है। कोविन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 21-27 जून वाले हफ्ते में प्रत्येक दिन कोविड रोधी टीके की औसतन 61.14 लाख खुराक दी गईं।
इसके बाद के हफ्ते में 28 जून से 4 जुलाई के बीच यह आंकड़ा कम होकर प्रतिदिन 41.92 लाख खुराक रह गया। 5 से 11 जुलाई वाले हफ्ते में प्रतिदिन लगाई गई टीके की खुराकों की औसत संख्या और कम होकर 34.32 लाख रह गई।राज्यों में टीकाकरण को लेकर मिलीजुली प्रवृत्ति देखने को मिली है, जिसमें कुछ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में टीकाकरण की वृद्धि दर में निरंतरता है जबकि कहीं इसमें गिरावट आई है।
कोविन के आंकड़ों के मुताबिक हरियाणा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, गुजरात और छत्तीसगढ़ में 21-27 जून वाले हफ्ते से औसत दैनिक टीकाकरण में गिरावट देखी गई जबकि केरल, अंडमान निकोबार द्वीपसमूह, दादरा नागर हवेली और जम्मू-कश्मीर में दैनिक कोविड-19 टीकाकरण में निरंतरता देखी गई है। असम और त्रिपुरा जैसे राज्यों में, जहां कोरोना वायरस के नए मामलों में वृद्धि देखी जा रही है वहां दैनिक औसत टीकाकरण में गिरावट देखी जा सकती है।
इस गिरावट के बावजूद, कोविड रोधी टीकाकरण के इससे पहले के चरण के मुकाबले यहां दैनिक औसत टीकाकरण अधिक है। आंकड़ों के मुताबिक 14-20 जून वाले हफ्ते में दैनिक औसत टीकाकरण 33.97 लाख था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास कोविड-19 रोधी टीके की 1.54 करोड़ से अधिक अप्रयुक्त खुराकें मौजूद हैं। इसमें बताया गया कि टीके की कुल खुराकों में से 37,31,88,834 खुराकों (बेकार गई खुराकों समेत) का इस्तेमाल हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



