निर्वाचन आयोग ने अपने अधिकारियों को याद दिलाया है कि जिन राज्यों में लोकसभा और विधानसभा उपचुनावों के लिए मतगणना जारी है, वहां कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के प्रयासों के मद्देनजर विजय जुलूस निकालने पर प्रतिबंध है। देश में 29 विधानसभा सीटों और तीन लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में डाले गए मतों की गणना मंगलवार को शुरू हो गई।
मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, राजस्थान, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव के मुख्य चुनाव अधिकारियों को लिखे पत्र में आयोग ने कहा कि अप्रैल में जारी किए गए, विजय जुलूसों पर प्रतिबंध लगाने के उसके निर्देश हालिया उपचुनावों में भी लागू रहेंगे। इन राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में उपचुनाव के लिए 30 अक्टूबर मतदान हुआ था।
इस साल के शुरू में असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल और केरल विधानसभा चुनाव हुए थे और फिर मतगणना हुई थी। कोविड-19 के मामलों को बढ़ने से रोकने के लिए उसी दौरान ये निर्देश जारी किए गए थे। पत्र में 27 अप्रैल के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा गया है, ‘‘मतगणना के बाद किसी विजय जुलूस की अनुमति नहीं है। संबंधित निर्वाचन अधिकारी से चुनाव का प्रमाण पत्र लेने के लिए जीतने वाले उम्मीदवार या उसके अधिकृत प्रतिनिधि के साथ दो से अधिक व्यक्तियों को आने की अनुमति नहीं होगी।’’


Download Android App
Download iOS App



