संसद में आज उठेगा प्रमोशन में आरक्षण का मुद्दा, कांग्रेस ने लोकसभा में दिया स्थगन नोटिस

Summary :

कांग्रेस लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस देते हुए कहा कि सरकारी सेवाओं में एससी और एसटी आरक्षण को कम नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि यह हमारे देश के पिछड़े समुदायों के लिए विनाशकारी होगा।

संसद में आज प्रमोशन में आरक्षण के मुद्दे को लेकर हंगामा हो सकता है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर लोकसभा में आज स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है। वहीं सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि सरकारी नौकरियों में नियुक्ति में आरक्षण देने के लिए सरकारें बाध्य नहीं हैं। कोर्ट ने यह भी कहा है कि प्रोन्नति में आरक्षण किसी का मूल अधिकार नहीं हो सकता है। 
कांग्रेस लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस देते हुए कहा कि सरकारी सेवाओं में एससी और एसटी आरक्षण को कम नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि यह हमारे देश के पिछड़े समुदायों के लिए विनाशकारी होगा। वहीं इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, डीएमके और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है। 

Coronavirus : चीन में 908 हुई मरने वालों की संख्या, 40,000 से अधिक लोग संक्रमित

सूत्रों के मुताबिक, लोजपा प्रमुख चिराग पासवान इस मुद्दे को लोकसभा में उठा सकते हैं। चिराग इसे शून्यकाल के दौरान सदन में उठाएंगे। मामले की राजनीतिक अहमियत को देखते हुए चिराग को विपक्ष समेत कई दलों का समर्थन मिल सकता है। उधर लोजपा के संस्थापक और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने सोमवार रात को ही संसद के दोनों सदनों के SC /ST सांसदों को एक मिलन समारोह के लिए बुलाया है। 
इनमें सभी दलों के सांसद शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले पर भी चर्चा होगी। गौरतलब है कि 2018 में SC/ST कानून में बदलाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद काफी बवाल हुआ था। 2018 के मार्च महीने में इस मुद्दे पर बुलाए गए भारत बंद के दौरान हिंसा में कुछ लोग मारे भी गए थे। 
बाद में सरकार ने कानून बनाकर कोर्ट के फैसले को पलट दिया था। माना जाता है कि मोदी सरकार के कदम से उस साल के अंत में हुए मध्य प्रदेश और राजस्थान विधानसभा चुनावों में बीजेपी को लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ी और इसका सियासी नुकसान भी पार्टी को अपनी सरकार गंवाकर उठाना पड़ा था। 

Desk Team